गोड्डा
महागामा में कांग्रेस का विशाल धरना, ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत केंद्र सरकार पर तीखा हमला

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। महागामा प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में ‘राष्ट्रव्यापी मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत कांग्रेस पार्टी ने एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन कर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया। धरना में जिला अध्यक्ष यहया सिद्दीकी, प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद मिनहाज आलम, नगर अध्यक्ष मनोज कुमार दास समेत सभी मंडल व पंचायत अध्यक्षों सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल हुए।धरना को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष यहया सिद्दीकी ने कहा कि मनरेगा कानून कांग्रेस की ऐतिहासिक देन है, जिसने ग्रामीण गरीबों को 100 दिनों के रोजगार की गारंटी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बजट में लगातार कटौती कर रही है और 60:40 का नया अनुपात थोपकर राज्यों पर आर्थिक बोझ डाल रही है, जिससे यह योजना कमजोर हो रही है और इसका सीधा नुकसान मजदूरों को उठाना पड़ रहा है। प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद मिनहाज आलम ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले गरीबों के आशियानों पर बुलडोजर चलाया गया और अब उनकी आजीविका पर बुलडोजर चलाने की तैयारी है। उन्होंने ऐलान किया कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता गांव से लेकर सड़क और सदन तक मजदूरों के हक की लड़ाई लड़ेगा और समय पर मजदूरी भुगतान की मांग को लेकर पीछे नहीं हटेगा। धरना के दौरान वक्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों को श्रमिक विरोधी बताते हुए मनरेगा कानून को उसके मूल स्वरूप में बहाल करने, बजट कटौती वापस लेने और मजदूरों का बकाया भुगतान अविलंब करने की मांग की। कार्यक्रम के अंत में प्रशासन को एक मांग पत्र सौंपा गया।



