राबिया और उसके दिव्यांग भाई ने हाईटेंशन लाइन हटाने के लिए डीएम से लगाई गुहार …
गुहार लगाने की वीडियो सोशल मीडिया में वायरल...

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
तीन दिन बाद भी नहीं पहुंचा कोई अधिकारी …
हापुड़ (यूपी) – धौलाना तहसील क्षेत्र के धौलाना में कक्षा 11 में पढ़ने वाली राबिया नाम की लड़की ने हापुड़ जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय से हाथ जोड़ कर भावुक अपील करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल करते हुए कहा कि , धौलाना पिक्चर हाल के सामने बने उसके मकान की छत से गुजर रही 33000 की हाईटेंशन विद्युत लाइन को हटाया जाए । इस विद्युत लाइन वजह से उसके छोटे भाई का हाथ जल चुका है जिसे बाद में काटना पड़ा था। दिव्यांग भाई के साथ राबिया ने वीडियो सोशल मीडिया में अपलोड कर विद्युत लाइन को हटवाने की मांग की है ।
हापुड़ जिले के धौलाना कस्बे की रहने वाली और कक्षा 11 की छात्रा राबिया ने अपने घर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन को हटाने की मांग करते हुए जिलाधिकारी हापुड अभिषेक पांडे से सोशल मीडिया के माध्यम से अपील की है। राबिया और उसके दिव्यांग भाई का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल भी हो रहा है। इस लाइन की चपेट में आने से उसके भाई का हाथ कट गया था जिससे वह दिव्यांग हो गया । राबिया का कहना है कि उसके घर के ठीक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के कारण उसके भाई को अपना एक हाथ गवाना पड़ा और अब यह विद्युत लाइन उसके परिवार के लिए खतरा बनी हुई है, बल्कि इसकी वजह से मकान का निर्माण कार्य भी लंबे समय से रुका हुआ है।
राबिया मकान की छत पर अपने भाई जुबैर के साथ एक वीडियो बनाती है। जिसमें वो हाथ जोड़कर जिलाधिकारी से गुहार लगाते हुए कहती है कि इसी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से उसके भाई के साथ बड़ा हादसा हो चुका है, जिसमें उसका हाथ कट गया था। इसके बावजूद अब तक लाइन को हटाने या स्थानांतरित करने की कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
इस मामले में डीएम अभिषेक पांडेय ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो प्रकाश में आया है। जिसका संज्ञान लेते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों को जांच के लिए निर्देशित किया गया है। जल्द हाई टेंशन लाइन को हटवाया जाएगा ।




