शामली
डून्डूखेड़ा की ग्राम प्रधान कृष्णा चौहान को मिला राष्ट्रीय सम्मान
कर्तव्य पथ पर आयोजित राष्ट्रीय परेड में विशेष अतिथि के रूप में मिला आमंत्रण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। खंड विकास क्षेत्र के गांव डून्डूखेड़ा की ग्राम प्रधान कृष्णा चौहान के लिए यह अत्यंत गौरवपूर्ण उपलब्धि है। पंचायती राज विभाग, उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा उन्हें नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित राष्ट्रीय परेड में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। ग्राम प्रधान के साथ उनके पति राजपाल सिंह को भी आमंत्रण मिलने से पूरे गांव में हर्ष और गर्व का माहौल है।डून्डूखेड़ा निवासी राजपाल सिंह की पत्नी कृष्णा चौहान लगातार तीन बार ग्राम प्रधान चुनी जा चुकी हैं। ग्राम प्रधान कृष्णा चौहान और उनके पति राजपाल सिंह की जोड़ी ने गांव में विकास की ऐसी मिसाल कायम की है, जिसकी चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है। उनके नेतृत्व में गांव में अभूतपूर्व विकास कार्य कराए गए हैं।गांव डून्डूखेड़ा में अब एक भी कच्ची सड़क नहीं है। यहां बिजली घर, बैंक, स्वास्थ्य केंद्र, मिनी सब्जी मंडी, छात्र-छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा की सुविधा, बस स्टैंड पर आधुनिक यात्री प्रतीक्षालय, पशु चिकित्सालय, गांव के प्रत्येक चौराहे पर वाटर कूलर व शुद्ध पेयजल व्यवस्था, पूरे गांव में सीसीटीवी कैमरे तथा अमृत सरोवर तालाब जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन विकास कार्यों ने डून्डूखेड़ा को एक आदर्श ग्राम के रूप में स्थापित किया है।गांव के सर्वांगीण विकास और उत्कृष्ट कार्यों के लिए ग्राम प्रधान कृष्णा चौहान को अब तक तीन बार मुख्यमंत्री प्रोत्साहन पुरस्कार तथा दो बार राष्ट्रीय पंडित दीनदयाल पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। अब राष्ट्रीय परेड में विशेष आमंत्रण मिलना इस बात का प्रमाण है कि डून्डूखेड़ा के विकास कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर भी सराहा जा रहा है।इस उपलब्धि से गांव के लोगों में भारी उत्साह है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सम्मान केवल ग्राम प्रधान परिवार का नहीं, बल्कि पूरे डून्डूखेड़ा गांव का सम्मान है। गांव वासियों ने ग्राम प्रधान कृष्णा चौहान और उनके पति राजपाल सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


