कैराना
अमरूद से लदी दो पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी, तीन घायल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। राजस्थान के माधोपुर से अमरूद भरकर कैराना लौट रही दो पिकअप गाड़ियां कांधला रोड पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार अलसुबह कांधला रोड पर बड़ा हादसा हो गया। बताया गया कि राजस्थान से अमरूद लादकर कैराना की ओर आ रही दो पिकअप गाड़ियां एक के बाद एक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गईं। हादसे के बाद सड़क पर अमरूद बिखर गए। दुर्घटना में मिसबुर्रह्मान पुत्र उस्मान निवासी गांव मोहम्मदपुर राई समेत तीन लोग घायल हो गए। राहगीरों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में लाखों रुपये का नुकसान होने की बात बताई जा रही है।

