मेरठ
एमआईईटी पब्लिक स्कूल समूह में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। एमआईईटी पब्लिक स्कूल, मवाना रोड, एमआईईटी पब्लिक स्कूल, पल्लवपुरम तथा एमआईईटी पब्लिक स्कूल, जागृति विहार में 77वां गणतंत्र दिवस उत्साह, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया।
इस अवसर पर विद्यालय चेयरमैन विष्णु शरण अग्रवाल द्वारा ध्वजारोहण किया गया। समारोह में विद्यालय वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। ध्वजारोहण के पश्चात विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर राष्ट्रध्वज को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट, देशभक्ति समूह गान, भावपूर्ण नृत्य, नाट्य प्रस्तुति ऑपरेशन सिंदूर, जिमनास्टिक प्रदर्शन तथा हिंदी एवं अंग्रेज़ी भाषणों ने सभी को भावविभोर कर दिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से संविधान की गरिमा, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों, बलिदान और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर मवाना रोड की प्रधानाचार्या रुपाली सहगल, पल्लवपुरम की प्रधानाचार्या नवनीत चड्ढा तथा जागृति विहार की प्रधानाचार्या डॉ. सिल्की वर्मा ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों को अपनाने, अनुशासन बनाए रखने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। समारोह का समापन राष्ट्रभक्ति, अनुशासन एवं उत्साह के वातावरण में हुआ।



