अमरोहा में बसपा नेता के बेटे का सुसाइड मामला

गुत्थी सुलझाने में उलझी पुलिस, कॉल डिटेल और मोबाइल-लैपटॉप का लॉक टूटने का इंतजार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
अमरोहा : बसपा नेता राम अवतार सिंह के बेटे अश्वनी ने आत्महत्या कर ली। उन्होंने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से दाईं कनपटी पर गोली मारी। 32 बोर की गोली अश्वनी के सिर को चीरते हुए दीवार से टकराई। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने गोली को बरामद किया।
तीन डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ शव का पोस्टमार्टम किया। जिसमें सोमवार शाम छह बजे मौत की पुष्टि हुई। पुलिस अश्वनी के आखिरी फोन कॉल की जांच कर रही है। फोन और लैपटॉप की जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजने की तैयारी है।
अश्वनी दिल्ली में सीए फाइनल ईयर का छात्र था। वह नौगांवा सादात के नया गांव खंडसाल कलां का रहने वाला था। घटना के समय वह घर पर अकेला था। उसके पिता राम अवतार सिंह अपनी पत्नी किरन लता, बेटी शिवानी और भतीजे लवलेश के साथ मेरठ गए थे।
एसपी अमित कुमार आनंद के अनुसार मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। परिवार के लोग आत्महत्या का कारण नहीं समझ पा रहे हैं। पुलिस ने मोबाइल फोन, लैपटॉप और रिवॉल्वर को अपने कब्जे में ले लिया है। जिसकी जांच जारी है।


