
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : ढबारसी यातायात माह व मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत गुरुवार को थाना आदमपुर पुलिस ने गोस्वामी तुलसीदास संस्कृत माध्यमिक विद्यालय, आदमपुर में एक अलग हटकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस की इस पहल में न सिर्फ छात्र-छात्राओं को यातायात और साइबर सुरक्षा से जुड़े अहम नियमों की जानकारी दी गई, बल्कि खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से उनमें टीम भावना व नेतृत्व क्षमता को भी बढ़ावा दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक अमरोहा अमित कुमार आनन्द के निर्देशन तथा मिशन शक्ति 5.0 के तहत किया गया। कार्यक्रम में आदमपुर पुलिस टीम ने बच्चों को सड़क सुरक्षा के नियमों से रूबरू कराया। हेलमेट व सीटबेल्ट के महत्त्व, तेज गति से वाहन चलाने के खतरे, पैदल यात्रियों के अधिकार, ओवरलोडिंग पर रोक तथा स्टंट ड्राइविंग के दुष्परिणाम जैसे विषयों पर विद्यार्थियों को सरल और रोचक तरीके से समझाया गया।
यही नहीं, बदलते डिजिटल दौर को देखते हुए पुलिस ने बच्चों को साइबर क्राइम के बढ़ते खतरों से भी सचेत किया। ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के जोखिम, सोशल मीडिया पर गोपनीय जानकारी साझा न करने और डिजिटल सतर्कता जैसे मुद्दों पर जागरूक किया गया। साथ ही नए आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता व भारतीय साक्ष्य संहिता—के महत्वपूर्ण प्रावधानों को बच्चों की भाषा में समझाया गया, ताकि वे अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बन सकें।
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में पुलिस द्वारा विद्यालय प्रांगण में कबड्डी व खो-खो प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। इन खेलों में बच्चों का उत्साह देखने लायक था। प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ अपनी टीमों का प्रदर्शन किया। अंत में शानदार खेल प्रदर्शन करने वाली विजेता टीमों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
थाना आदमपुर पुलिस ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अमरोहा पुलिस जनपद में यातायात जागरूकता, महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और खेलों को बढ़ावा देने के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित करती रहेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता और खेलों के संयोजन की यह पहल अभिभावकों और विद्यालय प्रशासन द्वारा भी सराही गई।



