गोड्डा
ललमटिया थाना क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन का पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
- एक ही चालान और एक ही नंबर प्लेट से चलती है कई अवैध गिट्टी लदी गाड़ियां

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा/ महागामा : ललमटिया थाना क्षेत्र में एक बार फिर अवैध खनन और वाहन नंबरों की धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने इस कांड में अवैध गिट्टी परिवहन, फर्जी नंबर प्लेट, और चालान से धोखाधड़ी की गंभीर साजिश का खुलासा किया है। वहीं बीते 18 जुलाई, समय करीब 12:10 बजे, ललमटिया थाना को गुप्त सूचना मिली कि एक संदिग्ध वाहन (संख्या जेएच 02 बीटी 9987) नंबर बदल कर बसडिहा गाँव के रास्ते बोआरीजोर की ओर आ रहा है। तत्परता से पुलिस ने वाहन चेकिंग की योजना बनाई और उक्त वाहन को रोक कर गहन पूछताछ की। जहां वाहन पर नंबर प्लेट जेएच 12 पी 9987 लगी हुई थी, जबकि असल में उसका वास्तविक नंबर जे एच 02 बीटी 9987 निकला। जब चेसिस नंबर की पुष्टि की गई तो दो अलग-अलग नंबर सामने आए, जिससे साफ हो गया कि फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया गया है।
वहीं पुलिस द्वारा पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ जिसमें गाड़ी के चालक सुनील कुमार यादव ने बताया कि उसके मालिक के पास 5-6 गाड़ियाँ हैं। सभी गाड़ियों में एक ही नंबर प्लेट जे एच 12 पी 9987 का प्रयोग किया जाता है। एक ही चालान की फोटोकॉपी सभी ड्राइवरों को दी जाती है जिससे चालान की राशि बचाकर अवैध रूप से अधिक लाभ कमाया जा सके। चालान की फर्जी व्यवस्था के एवज में चालकों को अधिक भुगतान किया जाता है। इस अवैध कृत्य को लेकर पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। जहां बीएनएस एवं खनिज संबंधित धाराओं में 4/54 झारखंड लघु खनिज नियमावली 2004, 4/21 एमएमडीआर अधिनियम 1957, 9/13 झारखंड खनिज नियम 2017 के तहत मामला दर्ज किया गया।
वहीं गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील कुमार यादव, पिता नारायण प्रसाद यादव, पता बहुआरा, थाना सिरदल्ला, जिला नवादा (बिहार) के रूप में हुई। उक्त छापामारी दल में पुअनि रौशन कुमार, थाना प्रभारी ललमटिया, पुअनि अंकित कुमार झा, पुअनि अश्विनी कुमार, सअनि सुरेन्द्र कुमार यादव, सअनि महेश टोप्पो, सअनि धनन्जय साही, आ/55 रामप्रवेश यादव, थाना सशस्त्र बल मौजूद थे।



