स्कूल लेक्चर भर्ती 2024 फाइनल रिजल्ट में देरी से अभ्यर्थियों में बढ़ी चिंता
बावड़ी (सीकर)। राजस्थान में स्कूल लेक्चरर भर्ती 2024 का फाइनल रिजल्ट लंबे समय से जारी नहीं होने के कारण अभ्यर्थियों में असंतोष और चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। राकेश मीणा ठीकरिया निवासी ने बताया कि यह भर्ती परीक्षा जून 2025 में आयोजित हुई थी। जबकि 20 अगस्त 2025 से प्रोविजनल रिजल्ट घोषित कर दिए गए थे। इसके बाद विभाग द्वारा ऑफलाइन डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई।
इसके बावजूद पांच माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी अंतिम परिणाम जारी नहीं किया गया है। परिणाम में हो रही इस देरी से प्रोविजनल सूची में शामिल अभ्यर्थी आगामी प्रस्तावित स्कूल लेक्चरर भर्ती परीक्षा मई 2026 की तैयारी को लेकर दुविधा में हैं।
अभ्यर्थियों का कहना है कि समय पर फाइनल रिजल्ट जारी नहीं होने से उनके करियर और तैयारी दोनों प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार और संबंधित विभाग से शीघ्र निर्णय लेते हुए फाइनल रिजल्ट जारी करने की मांग की है, ताकि अभ्यर्थियों को स्पष्ट दिशा मिल सके और वे अपनी आगामी रणनीति तय कर सकें।



