सीएम योगी की अध्यक्षता में यूपी पुलिस वरिष्ठ अधिकारियों का दो दिवसीय सम्मेलन कल से

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लखनऊ | उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा जन-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेश पुलिस मुख्यालय में 27 एवं 28 दिसंबर को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का दो दिवसीय उच्चस्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की अध्यक्षता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं करेंगे तथा वे दोनों दिनों पूर्ण रूप से उपस्थित रहेंगे।
यह जानकारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्णा ने शुक्रवार को मीडिया को संबोधित करते हुए दी। राष्ट्रीय डीजीपी/आईजीपी सम्मेलन की तर्ज पर आयोजित इस सम्मेलन को ‘मिशन 2027’ नाम दिया गया है, जिसका उद्देश्य भविष्य की पुलिसिंग चुनौतियों के लिए मजबूत रणनीति तैयार करना है।
सम्मेलन में सभी जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी), रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) स्तर के अधिकारी भाग लेंगे। कुल 11 थीमेटिक सत्र आयोजित होंगे, जिनमें विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श एवं प्रस्तुतियां होंगी।
27 दिसंबर के प्रमुख सत्र: बीट पुलिसिंग प्रणाली का सुदृढ़ीकरण
महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध तथा मानव तस्करी
थाना प्रबंधन एवं थाना उन्नयन साइबर अपराध एवं डिजिटल चुनौतियां मानव संसाधन विकास, पुलिस कल्याण, व्यवहार एवं प्रशिक्षण अभियोजन प्रक्रिया एवं कारागार प्रबंधन सीसीटीएनएस 2.0, नई आपराधिक न्याय संहिता तथा फोरेंसिक विज्ञान
28 दिसंबर के प्रमुख सत्र: आपदा प्रबंधन, सिविल डिफेंस एवं होमगार्ड्स भीड़ नियंत्रण एवं जनसभाओं का प्रबंधन
खुफिया तंत्र का सुदृढ़ीकरण एवं उभरती चुनौतियां (सोशल मीडिया, एनजीओ, नेपाल सीमा आदि) आतंकवाद निरोधक अभियान, नारकोटिक्स, पशु तस्करी एवं संगठित अपराध डीजीपी राजीव कृष्णा ने बताया कि यह सम्मेलन आगामी पंचायत चुनावों सहित विभिन्न चुनौतियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसका मुख्य लक्ष्य अपराध नियंत्रण को और सशक्त बनाना, पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाना तथा जनता में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करना है।



