बरेली

अग्निवीर अभ्यर्थियों के लिए प्रशासन की व्यापक तैयारी

अस्थायी शेल्टर होम बनाए गए

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। अग्निवीर भर्ती रैली को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। जाट रेजिमेंट केंद्र में 11 से 19 मार्च तक चलने वाली इस भर्ती रैली में रुहेलखंड क्षेत्र समेत आसपास के करीब दर्जनभर जिलों से प्रतिदिन हजारों युवाओं के पहुंचने की उम्मीद है। युवाओं की भारी संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और नगर निगम ने उनके ठहरने और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया है। प्रशासन का प्रयास है कि भर्ती में शामिल होने आने वाले अभ्यर्थियों को शहर में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देश पर नगर निगम ने शहर में छह स्थायी और पांच अस्थायी शेल्टर होम तैयार किए हैं। इन शेल्टर होम में एक साथ सैकड़ों अभ्यर्थियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने अलग-अलग अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय कर दी है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि भर्ती रैली के दौरान सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए। अस्थायी शेल्टर होम शहर के कई प्रमुख स्थानों पर बनाए गए हैं। इनमें बाकरगंज, सैदपुर हॉकिंस, बदायूं रोड, पटेल चौक और चौपुला चौराहा शामिल हैं, जहां बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए रुकने के विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा पुराना रोडवेज बस स्टैंड, हरूनगला, छोटी बिहार, सेटेलाइट बस स्टैंड, डेलापीर मंडी और प्रेमनगर क्षेत्र के स्थायी शेल्टर होम को भी भर्ती रैली के मद्देनजर तैयार किया गया है। इन स्थानों पर दूर-दराज से आने वाले युवाओं को सुरक्षित और व्यवस्थित ठहरने की सुविधा दी जाएगी। नगर निगम की टीमें साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रही हैं। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि अग्निवीर भर्ती रैली में आने वाले युवाओं की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकें। कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि भर्ती के लिए आने वाले युवाओं को बेहतर और सकारात्मक माहौल उपलब्ध कराया जाए।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button