बागपत
प्रजापति समाज के 96 के चौधरी रतनलाल प्रजापति की तेरहवीं रस्म में उमड़ा जनसैलाब
हजारों की मौजूदगी में पगड़ी रस्म व शोकसभा सम्पन्न, सैकड़ों चौधरी व दीवानों का सम्मान

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
बागपत/बरनावा। प्रजापति समाज के 96 गांवों के वरिष्ठ और प्रतिष्ठित नेता चौधरी रतनलाल प्रजापति की तेरहवीं रस्म एवं पगड़ी कार्यक्रम रविवार को उनके पैतृक गांव बरनावा में श्रद्धा, सामाजिक गरिमा और भावुकता के माहौल में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में समाज के गणमान्य जन, सामाजिक प्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, महिलाएं, युवा व ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
पगड़ी रस्म के दौरान दिवंगत चौधरी रतनलाल के बड़े पुत्र सुरेंद्र कुमार प्रजापति को समाज की परंपरा के अनुसार पगड़ी बांधी गई। वक्ताओं ने ‘पगड़ी’ के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व को विस्तार से समझाया और उन्हें 96 गांवों की सामाजिक जिम्मेदारी कोसौंपे जाने की घोषणा की, जिसे उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ सहर्ष स्वीकार किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत आत्मा की शांति हेतु मौन वंदना व भजन-कीर्तन से हुई। तत्पश्चात आयोजित शोकसभा में वक्ताओं ने चौधरी रतनलाल की समाजसेवा, नेतृत्व क्षमता, मिलनसार स्वभाव और संगठनात्मक कौशल को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि चौधरी रतनलाल प्रजापति केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि प्रजापति समाज की एकता, अनुशासन और वैचारिक दृढ़ता के प्रतीक थे।
इस अवसर पर समाज के लोकेश प्रजापति मंत्री भाजपा सजकर, रमेश प्रजापति, विनोद प्रजापति, डॉ अशोक प्रजापति अध्यक्ष श्री दक्ष प्रजापति सेवा समिती आदि सैकड़ों चौधरी, दीवान, पंचायत प्रतिनिधियों व समाजसेवियों को समाज के युवाओं द्वारा अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के वरिष्ठों का आशीर्वाद और युवाओं की भागीदारी, समाज को संगठित और सशक्त बनाए रखने का आधार है।
कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पधारे सामाजिक प्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, महिला समूहों और युवा मंडलों की सक्रिय भागीदारी रही। आयोजन अत्यंत अनुशासित, भव्य और भावनात्मक माहौल में सम्पन्न हुआ, जिसमें समाज की एकजुटता, संस्कृति और मूल्य आधारित नेतृत्व को आगे बढ़ाने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक प्रार्थना और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।



