शामली

कांवड़ यात्रा को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

जिले के 12 हॉटस्पॉट पर तैनात की गईं 108 और 102 एंबुलेंस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं और आमजन को समय पर आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। विभाग के निर्देश पर ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विस द्वारा जनपद के विभिन्न संवेदनशील एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर 108 और 102 एंबुलेंस सेवाएं तैनात कर दी गई हैं।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति में मरीज तक एंबुलेंस शीघ्र पहुंच सके, इसके लिए जिले के 12 प्रमुख हॉटस्पॉट चिन्हित किए गए हैं। इन स्थानों पर आठ एंबुलेंस 108 सेवा तथा चार एंबुलेंस 102 सेवा को तैनात किया गया है।मंडल प्रभारी संदीप कुमार, क्षेत्रीय प्रभारी जयविंद्र सिंह एवं जिला प्रभारी ललित मोहन जोशी ने एंबुलेंसों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभी एंबुलेंसों में आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों एवं अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई। साथ ही तकनीकी खामियों को पहले ही दूर कर लिया गया है तथा बेहतर गुणवत्ता के साथ सेवा संचालन के लिए कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।जिन स्थानों पर एंबुलेंस तैनात की गई हैं, उनमें यमुना ब्रिज कैराना, पब्लिक इंटर कॉलेज कैराना, कंडेला औद्योगिक क्षेत्र, ब्रेक प्वाइंट कैराना, रेलवे स्टेशन शामली, एसटी तिराहा शामली, नगर पंचायत बनत, खेड़ी बैरागी मंदिर, हाथी करौंदा पुलिस चौकी, बूंटराड़ा बस स्टैंड, गाड़ीवाला चौराहा झिंझाना तथा यमुना ब्रिज बिडौली शामिल हैं।स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, ताकि जरूरतमंदों को बिना विलंब उपचार मिल सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button