बरेली
एसएसपी और एसपी ट्रैफिक ने बरेली-बदायूं कांवड़ रूट का किया निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली । श्रावण मास के प्रथम सोमवार को कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य और पुलिस अधीक्षक यातायात मोहम्मद अकमल खान ने सोमवार को बरेली-बदायूं मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ियों के लिए बनाए गए विश्राम स्थलों, पुलिस सहायता केन्द्रों और महिला शक्ति केन्द्रों की व्यवस्था देखी। एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूर्ण सतर्कता और मुस्तैदी से दायित्व निभाने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने प्रमुख निर्देश दिए कि डिवाइडरों को अधिक दृश्य बनाने के लिए पेंट कराया जाए और रात्रिकालीन सुरक्षा के लिए सड़क के दोनों ओर रिफ्लेक्टर टेप लगाए जाएं। रामगंगा तिराहे पर रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए एसडीएम से समन्वय के निर्देश दिए। वर्षा के मद्देनजर ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों के लिए 1000 रेनकोट क्रय किए जाने की कार्यवाही भी शुरू की गई है।
अधिकारियों ने विश्राम स्थलों पर भोजन, पेयजल और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा। इस दौरान पुलिस और यातायात विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।




