शामली
पुलकित की तूफानी बल्लेबाजी से पिंडोरा बना खोडसमा क्रिकेट टूर्नामेंट का चैंपियन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। खोडसमा गांव में स्वर्गीय अजय कुमार व कपिल कुमार की स्मृति में आयोजित दस दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन सोमवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। फाइनल में पिंडोरा की टीम ने खोडसमा को हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 15 हजार रुपये और उपविजेता को 5100 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र की करीब 60 टीमों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन पहले सेमीफाइनल में पिंडोरा और सिंगरा की टीम आमने-सामने रहीं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सिंगरा ने आठ ओवर में 96 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पिंडोरा ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मात्र छह ओवर में जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। इस मुकाबले में पुलकित ने 80 रनों की शानदार पारी खेलकर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता।
फाइनल मुकाबले में मेजबान खोडसमा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 136 रन बनाए। टीम की ओर से नितिन चौधरी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 80 रन की आकर्षक पारी खेली। जवाब में उतरी पिंडोरा की टीम ने आक्रामक शुरुआत की और महज छह ओवर में लक्ष्य हासिल कर खिताब पर कब्जा जमा लिया। पिंडोरा की जीत के नायक पुलकित रहे, जिन्होंने 90 रन की धमाकेदार पारी खेली और लगातार दूसरे मैच में मैन ऑफ द मैच बने।
पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले पुलकित को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने छह मैचों में कुल 350 रन बनाकर यह सम्मान हासिल किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि विनोद निर्वाल और अरविंद कुमार ने विजेता व उपविजेता टीमों सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर आयोजकों और ग्रामीणों ने सभी टीमों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।
