एमआईईटी बिज़नेस स्कूल में फ्रेशर्स पार्टी में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
मिस फ्रेशर शिवी और मिस्टर फ्रेशर पारितोष बने

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। एमआईईटी बिज़नेस स्कूल में एमबीए के नवागत छात्रों के स्वागत के लिए फ्रेशर्स पार्टी का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ कैंपस निदेशक डॉ. संजय कुमार सिंह, डीन अकादमिक्स डॉ. संजीव कुमार सिंह, डीन सीएस/आईटी डॉ. नरेश कुमार, एचओडी डॉ. मधुबाला शर्मा, मीडिया हेड अजय चौधरी और चीफ प्रॉक्टर राणा तोप सिंह पुंडीर द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
सीनियर छात्रों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नवागत विद्यार्थियों का पारंपरिक और उत्साहपूर्ण स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान मनोरंजनात्मक खेलों, नृत्य, गायन, शायरी, नाट्य प्रस्तुति तथा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समां बाँध दिया। छात्रों द्वारा प्रस्तुत भांगड़ा और गिद्धा ने पूरे माहौल को जीवंत और जोश से भर दिया, वहीं सोलो और समूह प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
समारोह का मुख्य आकर्षण मिस्टर एंड मिस फ्रेशर प्रतियोगिता रही, जिसमें प्रतिभागियों ने तीन चरणों—रैम्पवॉक, टैलेंट राउंड और प्रश्नोत्तरी—में अपना व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और प्रतिभा प्रदर्शित की। निर्णायक मंडल द्वारा अंतिम परिणाम घोषित किए गए, जिसमें मिस फ्रेशर का खिताब शिवी रस्तोगी तथा मिस्टर फ्रेशर का खिताब परितोष शर्मा को मिला। इसके अलावा मिस चार्मिंग बनीं खुशी पुंडीर, मिस्टर चार्मिंग चुने गए कृष रस्तोगी, मिस टैलेंट बनीं नम्रता चावला तथा मिस्टर टैलेंट का खिताब रोहित को प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम ने न केवल नवागंतुक छात्रों के स्वागत को यादगार बनाया, बल्कि एमआईईटी बिज़नेस स्कूल के सौहार्दपूर्ण, समावेशी और ऊर्जा से भरे वातावरण को भी प्रदर्शित किया।


