शामली
सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान व भाषण प्रतियोगिता आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। कस्बे के राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्राओं ने रोड सेफ्टी क्लब के तत्वावधान में चल रहे दस दिवसीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत मंगलवार को जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान महाविद्यालय की छात्राओं ने कस्बे के मुख्य मार्ग पर दोपहिया व चार पहिया वाहनों से आने-जाने वाले लोगों को रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।छात्राओं ने लोगों से गलत दिशा में वाहन न चलाने, लेन ड्राइविंग के नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, तेज गति से वाहन न चलाने, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा सड़क संकेतों का पालन करने की अपील की। जागरूकता अभियान में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन रोड सेफ्टी क्लब के संयोजक डॉ. श्याम बाबू एवं सह-संयोजक अंकिता त्यागी के निर्देशन में किया गया।


