मेरठ

आईपीईसी में जेनइग्नाइट हैकथॉन 2025 : माइक्रोसॉफ्ट का प्री-इवेंट, देशभर से 66 टीमों की भागीदारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

साहिबाबाद। इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज (आईपीईसी) में दो दिन का जेनइग्नाइट हैकथॉन 2025 आयोजित किया गया। यह खास कार्यक्रम माइक्रोसॉफ्ट के प्री-इवेंट के रूप में हुआ, जिसमें छात्रों को “टिकट टू माइक्रोसॉफ्ट” पाने का शानदार मौका मिला।
हैकथॉन लगातार 24 घंटे चला, जिसमें देशभर के नामी कॉलेजों से 66 टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें मथुरा, मद्रास, कानपुर, दिल्ली और लखनऊ जैसी कई जगहों के छात्र शामिल रहे। सभी टीमों ने अपने-अपने नए और काम के तकनीकी समाधान बनाकर निर्णायकों और मेंटर्स को प्रभावित किया।
इस कार्यक्रम का आयोजन टेकनेस्ट आईपीईसी ने किया, जिसमें डेवोनोवेट और हैकविदइंडिया का सहयोग मिला। कॉलेज के चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन पुनीत अग्रवाल, डीन अकादमिक्स प्रो. (डा.) अमित जैन और डीन सीएसई प्रो. (डा.) सुनीता यादव की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और खास बनाया। आयोजन की जिम्मेदारी प्रो. (डा.) रागिनी करवयुन (कंप्यूटर एप्लीकेशन विभागाध्यक्ष) और प्रो. (डा.) एस.पी. सिंह (मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष) ने संभाली।
हैकथॉन की सबसे बड़ी खासियत रही उद्योग जगत के विशेषज्ञों की गाइडेंस। प्रतिभागियों को मार्गदर्शन देने वालों में शामिल थे – मंटीजी सिंह (संस्थापक, इण्डीहब), गर्व विनायक (सॉफ्टवेयर इंजीनियर, डेवोनोवेट और हैकविदइंडिया समुदाय प्रमुख), ध्रुव पांडेय (सह-प्रमुख, डेवोनोवेट समुदाय) और यश मोहिटे (डेवलपर, डेवोनोवेट)। इन विशेषज्ञों ने छात्रों की मदद की कि वे अपने आइडिया को और बेहतर बना सकें।
विजेता टीमों में पहला स्थान टीम रॉकेट (आईआईएलएम विश्वविद्यालय) ने हासिल किया। दूसरा स्थान टीम बाइटब्रेन (आईपीईसी) और तीसरा स्थान टीम अल्बट्रॉज़ (आईपीईसी) के नाम रहा।
कार्यक्रम का समापन छात्रों की शानदार प्रस्तुतियों के साथ हुआ। निर्णायकों और मेंटर्स ने कहा कि हर प्रोजेक्ट अपने आप में अलग और प्रभावशाली था। छात्रों के लिए यह हैकथॉन सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि करियर में आगे बढ़ने का एक बड़ा अवसर साबित हुआ। इसने युवाओं में नवाचार, टीमवर्क और तकनीक के प्रति जोश को और मजबूत किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button