बेतुल

बैतूल हरन्या में शासकीय जमीन की अवैध प्लॉटिंग का बड़ा खुलासा

सरपंच, सचिव और पटवारी पर मिलीभगत से करोड़ों की जमीन बेचने के आरोप, ग्रामीणों ने जनसुनवाई में सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
आमला/बैतूल। ग्राम पंचायत हरन्या में शासकीय भूमि पर अवैध प्लॉटिंग कर पट्टे के नाम पर ग्रामीणों से अवैध वसूली किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम के मुरली यदुवंशी, दीपक यदुवंशी, संतोष यदुवंशी, भूपेंद्र यदुवंशी, धन्ना यदुवंशी, श्याम यदुवंशी सहित अन्य ग्रामीणों ने जनसुनवाई में पहुंचकर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम हरन्या के खसरा नंबर 47 की शासकीय भूमि, जो बोरदेही-बैतूल मुख्य मार्ग पर स्थित है और रेलवे स्टेशन बोरदेही के समीप होने से अत्यंत कीमती एवं व्यावसायिक महत्व की है, उस पर सरपंच, सचिव एवं हल्का पटवारी की मिलीभगत से अवैध प्लॉटिंग की जा रही है।
ज्ञापन में कहा गया है कि उक्त शासकीय भूमि को बिना शासन की अनुमति के प्लॉट काटकर बेचा जा रहा है और ग्रामीणों सहित बाहरी लोगों, शासकीय कर्मचारियों एवं संपन्न व्यक्तियों से मोटी रकम वसूली जा रही है। इस पूरे मामले की जानकारी ग्रामीणों द्वारा सोशल मीडिया पर भी साझा की गई, जिसके बाद पटवारी द्वारा तहसील न्यायालय को अवगत कराने की बात भी सामने आई है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस अवैध कार्य से शासन को करोड़ों रुपए के राजस्व का नुकसान हो रहा है और भोले-भाले लोगों को ऊंची कीमतों पर जमीन बेचकर ठगा जा रहा है। आरोप है कि पद का दुरुपयोग कर सरकारी संपत्ति का अवैध सौदा किया जा रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि दोषी सरपंच, सचिव एवं पटवारी के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की जाए और शासकीय भूमि को अवैध कब्जे एवं बिक्री से मुक्त कराया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्राम हरन्या के ग्रामीण सड़क पर उतरकर चक्का जाम और भूख हड़ताल करेंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button