गोड्डा
बिशनपुर में वार्षिक शैक्षिक व धार्मिक जलसा उत्साहपूर्वक मना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महगामा। हनवारा थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव में एक दिवसीय वार्षिक शैक्षिक एवं धार्मिक कार्यक्रम ‘जलसा’ बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन गांव के युवाओं एवं बुजुर्गों के संयुक्त प्रयास से किया गया, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से आए उलेमा-ए-कराम, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।कार्यक्रम स्थल को रंग-बिरंगी सजावट से आकर्षक रूप दिया गया था। मंच की भव्य सजावट और अनुशासित व्यवस्था ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस अवसर पर बिशनपुर मख़्तब के बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत तिलावत-ए-कुरआन से हुई, जिसके बाद नात और तकरीर का सिलसिला चला। बच्चों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और उन्हें खूब सराहना मिली।मुख्य वक्ता कारी साबिर और मौलाना शम्स तबरेज सहित अन्य उलेमाओं ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा और दीनियत शिक्षा का संतुलन समाज की तरक्की के लिए अत्यंत आवश्यक है। वक्ताओं ने बच्चों को अच्छी तालीम हासिल करने, नैतिक मूल्यों को अपनाने तथा सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की नसीहत दी। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय और मदरसे भेजें, ताकि वे शिक्षित, संस्कारी और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।कार्यक्रम की निजामत अब्दुल वहाब शम्स ने कुशलतापूर्वक निभाई। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और भाईचारे का माहौल बना रहा। अंत में दुआ के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। आयोजकों ने सभी अतिथियों और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मुखिया नौशाद आलम, मु० मुबारक करीम, डॉ० अलाउद्दीन, मौलाना जहांगीर कासमी, अब्दुल सत्तार, रेहान, इब्राहिम, खुर्शीद आलम, महफूज, अहमद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।


