जालौन

जगम्मनपुर-कुठौंद मार्ग पर जलभराव से ग्रामीण परेशान

सड़क बनी गंदे नाले में तब्दील

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
रामपुरा (जालौन)। विकासखंड रामपुरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत हमीरपुरा और जगम्मनपुर के बीच स्थित जगम्मनपुर-कुठौंद रोड पर जलभराव और गंदगी की समस्या से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। नालियां कीचड़ से पट जाने के कारण घरों का गंदा और बदबूदार पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे पूरी सड़क गंदे नाले में तब्दील हो गई है। राहगीरों, बाइक सवारों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार लंबे समय से सफाई व्यवस्था बदहाल बनी हुई है। सड़क पर फैले गंदे पानी और कीचड़ से दुर्गंध फैल रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। सबसे अधिक परेशानी पैदल राहगीरों और बाइक चालकों को हो रही है। वाहनों से उछलने वाला कीचड़ लोगों के कपड़े खराब कर देता है, जिसके चलते आए दिन विवाद की स्थिति बन जाती है। इस संबंध में ग्राम प्रधान जगम्मनपुर प्रज्ञादीप गौतम और ग्राम प्रधान हमीरपुरा सुनील कुमार निषाद ने सफाई कर्मियों की कमी को मुख्य कारण बताया। वहीं ग्रामीणों की शिकायत पर सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) रामपुरा भारत सिंह ने कुछ सफाई कर्मियों को मौके पर भेजा, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि कर्मचारियों ने केवल औपचारिक सफाई कर फोटो अधिकारियों को भेज दिए और बिना स्थायी समाधान किए लौट गए। ग्रामीणों ने प्रशासन से नालियों की नियमित सफाई और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button