बेतुल
बैतूल दिग्विजय सिंह तक पहुंची बैतूल के ग्रामीणों की पीड़ा, विस्थापन रोकने की उठी मांग
एनएसयूआई प्रदेश सचिव हर्ष भुसारी ने उठाई ग्रामीणों की आवाज, प्रूफ रेंज पर मांगा रक्षा मंत्रालय से जवाब

बैतूल में प्रूफ रेंज के खिलाफ जनआंदोलन की चेतावनी, राज्यसभा सांसद को लिखा पत्र
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। जिले के ग्रामीण अंचलों में प्रस्तावित प्रूफ रेंज विस्तार की आशंकाओं ने हजारों परिवारों की नींद उड़ा दी है। चिचोली, टेमरामाल, टेमरैयत, खदरा, मलाजपुर, चिकली, धप्पा, झारकुंड, सेहरा, रामपुर माल सहित दर्जनों गांवों में जमीन अधिग्रहण और संभावित विस्थापन को लेकर ग्रामीणों में गहरा रोष और असुरक्षा का माहौल है। खेत, खलिहान और पुरखों की जमीन बचाने के लिए अब जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासन तक पत्र लिखे जा रहे हैं।
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के प्रदेश सचिव हर्ष भुसारी ने इस गंभीर और संवेदनशील विषय पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह से मिलकर हस्तक्षेप की अपील की है। उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि इन गाँवों में रक्षा मंत्रालय की ओर से प्रूफ रेंज विस्तार की संभावनाओं से संबंधित पत्र जारी हुआ है, जिससे आमजन में भारी भय का वातावरण बन गया है। हर्ष भुसारी ने दिग्विजय सिंह से आग्रह किया है कि वे रक्षा मंत्री को पत्र लिखकर यह सुनिश्चित करें कि इन गाँवों में किसी प्रकार का विस्थापन या प्रूफ रेंज विस्तार न किया जाए।
दिग्विजय सिंह को प्रेषित पत्र में यह भी मांग की गई है कि रक्षा मंत्रालय की ओर से स्पष्ट और लिखित आदेश जारी कर ग्रामीणों के बीच फैले भय और भ्रम को समाप्त किया जाए, और यदि किसी योजना पर विचार भी हो रहा है तो ग्रामवासियों की सहमति और भलाई को सर्वोपरि रखा जाए। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए हर्ष भुसारी को आश्वस्त किया है कि वे इस मुद्दे को सरकार और संबंधित विभागों के समक्ष प्रमुखता से उठाएंगे।



