बरेली
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद का पलटवार, कहा- सपा परिवादवादी पार्टी है

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पलटवार किया है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी नमाजवादी और परिवारवादी पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में 2017 से भी बड़ी जीत हासिल करेगी। सपा के अहंकार को चकनाचूर करेगी। कहा कि लाल टोपी पहले बहुत उछल कूद रहे थे। बिहार चुनाव के बाद दिखाई नहीं दे रहे हैं। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद बुधवार को बरेली पहुंचे थे। उन्होंने यहां झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार के पुत्र के वैवाहिक कार्यक्रम में शिरकत की। इसके बाद सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों से मुलाकात की। प्रेसवार्ता में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा चार विधानसभा चुनाव जीत चुकी है। पश्चिम बंगाल में भी कमल खिलेगा। एसआईआर पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा और टीएमसी मतदाता सूची के शुद्धिकरण से बौखलाई हुई हैं। ये दल घुसपैठियों को अपना रिश्तेदार मानते हैं। सपा समेत विपक्षी दलों की मंशा पूरी नहीं होगी।
विपक्ष को अपने वोटबैंक की चिंता’
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि संसद में वंदे मातरम् की 150 वर्षगांठ पर चर्चा में विपक्ष का रुख नकारात्मक रहा। इनको अपने वोटबैंक की चिंता है। कहा कि सपा मुस्लिम तुष्टिकरण की घटिया राजनीति करती है। समाजवादी पार्टी ने राजनीति का अपराधीकरण किया था। भाजपा ने राजनीति को अपराध मुक्त किया है। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव वंदे मातरम् का गान करें और अपने कार्यकर्ताओं से भी गान कराएं।



