गोड्डा
जिप सदस्य ने की शिकायतों की उच्चस्तरीय जांच की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। पथरगामा प्रखंड विकास पदाधिकारी के खिलाफ चल रहा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। धरना में शामिल ग्रामीणों ने प्रखंड कार्यालय की कार्यशैली को लेकर अपनी नाराजगी जताई और बीडीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। धरना स्थल पर ग्रामीण शोभा देवी ने आरोप लगाया कि प्रखंड कार्यालय आने पर कई बार बीडीओ कार्यालय में नहीं मिलते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने कार्यों के लिए महीनों तक कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है, इसके बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता है।
जिप सदस्य अमित भगत ने कहा कि प्रखंड विकास पदाधिकारी के खिलाफ जिला प्रशासन को कई आवेदन दिए गए हैं, लेकिन अब तक उन शिकायतों की जांच नहीं कराई गई है। उन्होंने बताया कि अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा की ओर से संबंधित आवेदनों पर पक्ष रखने के लिए पत्र जारी कर 18 जुलाई तक जवाब देने को कहा गया था, लेकिन मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। अमित भगत ने कहा कि क्षेत्र की जनता विभिन्न समस्याओं से परेशान है और प्रशासन को इन शिकायतों को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक बीडीओ के खिलाफ आरोपों की उच्चस्तरीय जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जब जनप्रतिनिधियों के फोन का जवाब नहीं मिलता है तो आम लोगों की समस्याओं के समाधान की स्थिति का सहज अनुमान लगाया जा सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन से सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। धरना के दौरान अमित भगत ने अंचलाधिकारी के आवास के सामने पेड़ काटे जाने के मामले को भी उठाया और इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने इस मामले में अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाए। धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।


