गाजियाबाद
दोस्त की हत्या में शामिल 15 हजार का इनामी आरोपी पुलिस गिरफ्त में

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : लोनी के ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में ऑटो चालक नवीन की हत्या के मामले में पुलिस ने 15 हजार रुपये के इनामी वांछित तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण में दो अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही पकड़कर जेल भेज चुकी है।
यह वारदात 13 जनवरी 2026 की है। अगरौला के जंगल में एक जले हुए ऑटो रिक्शा के अंदर नवीन का जला हुआ शव बरामद हुआ था। मृतक के भाई नितिन, निवासी ग्राम मिल्क विकास नगर, लोनी गाजियाबाद ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि 5 मार्च 2026 को ट्रोनिका सिटी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पंचलोक गेट के पास से 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी नसीम पुत्र इकबाल, निवासी पंचलोक, थाना ट्रोनिका सिटी, गाजियाबाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में नसीम ने बताया कि वह, नवीन, पवन और सागर आपस में दोस्त थे। कुछ समय पहले नवीन उन्हें दिल्ली में एक तांत्रिक के पास ले गया था। तांत्रिक ने नवीन से कहा था कि अगर किसी करीबी व्यक्ति की बलि दी जाए तो वह अमीर बन सकता है और ईश्वर का साक्षात्कार कर सकता है। नवीन ने तांत्रिक से यह भी पूछा था कि क्या वह अपने किसी दोस्त की बलि दे सकता है, जिस पर तांत्रिक ने हामी भर दी थी। नसीम के मुताबिक, यह बातचीत उन्होंने सुन ली थी और उन्हें डर हो गया कि नवीन धन पाने के लिए उनमें से किसी की भी बलि दे सकता है। इसी डर के चलते नसीम, पवन और सागर ने मिलकर नवीन को सागर के कमरे पर किसी बहाने से बुलाया। 13 जनवरी 2026 की रात तीनों ने गैस सिलेंडर से नवीन के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को कंबल में लपेटकर नवीन के ही ऑटो में रखा और घिठोरा मोड़ के पास जंगल में ले जाकर ऑटो समेत शव को आग के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नसीम को जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

