गोड्डा
गांधीग्राम हाट स्थित पहाड़ी क्षेत्र टोटो चोरों का बना सेफ जोन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा :– पथरगामा प्रखंड अंतर्गत गांधीग्राम हाट के समीप स्थित पहाड़ी क्षेत्र अब टोटो चोरों के लिए सेफ जोन बनता जा रहा है। शनिवार की सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने एक लावारिस टोटो (बैटरी चालित वाहन) को पहाड़ी इलाके में संदिग्ध स्थिति में खड़ा देखा। शौच के लिए निकले ग्रामीणों को यह देख संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने तुरंत प्रशासन को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और टोटो को कब्जे में ले लिया। यह खबर सोशल मीडिया के माध्यम से तेज़ी से फैली, जिससे टोटो के मालिक रघुनंदन मेहरा को इसकी जानकारी मिली। रघुनंदन मेहरा, जो लतौना गांव (पथरगामा प्रखंड) के निवासी हैं ने बताया कि शनिवार की संध्या वह गोड्डा हाट में टोटो खड़ा कर सब्ज़ी लेने गए थे। लौटने पर टोटो वहां से गायब मिला।
उन्होंने बताया कि सुबह सोशल मीडिया के जरिए ही उन्हें टोटो की लोकेशन का पता चला। उल्लेखनीय है कि यह पहली बार नहीं है जब इस स्थान पर चोरी की गई टोटो लावारिस अवस्था में मिली हो। कुछ दिनों पहले भी एक अन्य टोटो इसी स्थान पर बरामद हुई थी, जिसे प्रशासन ने जब्त कर जांच के बाद मालिक को सौंप दिया था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गांधीग्राम हाट के समीप का यह पहाड़ी क्षेत्र सुनसान रहता है, जिससे यह स्थान चोरों के लिए सुरक्षित अड्डा बनता जा रहा है। टोटो जैसी बैटरी चालित गाड़ियों के पार्ट्स, खासकर बैटरी, को खोलना यहां आसान होता है।
इस संबंध में थाना प्रभारी मनोहर कुमार ने जानकारी दी कि बरामद टोटो को थाने लाया गया था और जांच के बाद उसे उसके वैध मालिक को सौंप दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि इलाके में लगातार गश्त बढ़ाई जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



