गाजियाबाद
11 करोड़ से लोनी नगर पालिका के 55 वार्डों में पुलिया और रैंप कार्य होंगे दुरुस्त
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : दिल्ली से सटे और उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी नगर पालिकाओं में शामिल लोनी नगर पालिका परिषद क्षेत्र में जल निकासी और आवागमन की समस्या को दूर करने के लिए बड़ा कदम उठाया जा रहा है। नगर पालिका ने क्षेत्र के सभी 55 वार्डों में पुलिया और रैंप के निर्माण व मरम्मत की योजना तैयार की है। इस योजना पर करीब 11 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
सूत्रों के अनुसार, कई स्थानों पर नालियों और नालों पर बनी पुरानी पुलिया और रैंप जर्जर हो चुके हैं, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका ने खराब हो चुकी पुलियाओं और रैंप की मरम्मत कराने के साथ-साथ जरूरत वाले स्थानों पर नई पुलिया और रैंप बनवाने का निर्णय लिया है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, सभी 55 वार्डों में अलग-अलग स्थानों पर निर्माण और मरम्मत के कार्य कराए जाएंगे। प्रत्येक कार्य की अनुमानित लागत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है, जिससे कुल मिलाकर लगभग 11 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
नगर पालिका की इस योजना से जलभराव की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। कई कॉलोनियों और मोहल्लों में पुलिया या रैंप न होने के कारण लोगों को अपने घरों तक पहुंचने में दिक्कत होती है। वहीं कई जगह पुरानी पुलियाएं टूट चुकी हैं या बेहद खराब हालत में हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
बरसात के मौसम में यह समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है। नालियों में गंदा पानी भर जाने से लोगों का आवागमन प्रभावित होता है और कई बार छोटे वाहन भी कॉलोनियों के अंदर नहीं पहुंच पाते। ऐसे में नगर पालिका की इस पहल से क्षेत्रीय नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। लंबे समय से स्थानीय लोग अपने वार्डों में पुलिया और रैंप बनवाने की मांग कर रहे थे, जिसे अब पूरा किया जाएगा।
