एमआईईटी में 26 फरवरी से गूंजेगा ‘कोलाहल’, 28 को परमिश वर्मा की स्टार नाइट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) का परिसर 26 फरवरी से तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव ‘कोलाहल-26’ की रौनक से सराबोर होगा। डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. हनी तोमर ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी रचनात्मक प्रतिभा दिखाने का खुला मंच देना है।
पहले दिन भव्य कवि सम्मेलन में शंभू शिखर, डॉ. पी.के. आजाद, खुशबू शर्मा और डॉ. प्रवीण शुक्ल हास्य, ओज और व्यंग्य की फुहारों से श्रोताओं को बांधेंगे। दूसरे दिन नृत्य, ‘स्वर संगम’, ‘मिस्टर एंड मिस कोलाहल’ और ‘बैटल ऑफ बैंड्स’ जैसी प्रतियोगिताएं युवाओं के जोश को परवान चढ़ाएंगी, वहीं डीजे नाइट में छात्र झूमते नजर आएंगे।
महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण 28 फरवरी को पंजाबी सिंगर परमिश वर्मा की लाइव प्रस्तुति होगी। उनके लोकप्रिय गीतों पर छात्र थिरकेंगे। अंतिम दिन स्किट और ‘रजवाड़ा’, ‘वेस्टर्न’ व ‘अरेबियन’ थीम पर फैशन शो रंग बिखेरेंगे।
प्रेस प्रवक्ता अजय चौधरी के अनुसार सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ‘कोलाहल-26’ युवा ऊर्जा, संस्कृति और मनोरंजन का यादगार उत्सव बनने जा रहा है।



