गाजियाबाद

लोनी में ईद-उल-फितर का जश्न

अमन, भाईचारे और खुशियों के साथ अदा हुई नमाज़

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : लोनी क्षेत्र में ईद-उल-फितर का पावन पर्व बड़े ही शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और उल्लासपूर्ण माहौल में मनाया गया। राशिद गेट के पास स्थित मुख्य ईदगाह पर सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर तरफ “ईद मुबारक” की गूंज और खुशियों का माहौल देखने को मिला।
हजारों की संख्या में पहुंचे रोजेदारों ने दो चरणों में ईद की नमाज अदा की। पहली नमाज सुबह 8:30 बजे और दूसरी 9:30 बजे अदा की गई। नमाज के दौरान प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
ईदगाह में सीमित जगह होने के कारण पाभी सादकपुर, लोनी कस्बा, बेहटा हाजीपुर, डाबर तालाब, कासिम विहार समेत कई अन्य कॉलोनियों की मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई। हर जगह इबादत का माहौल और अल्लाह की बंदगी में डूबे अकीदतमंद नजर आए।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर “ईद मुबारक” कहा और भाईचारे का संदेश दिया। घरों में सिवइयां, शीर खुरमा और अन्य पारंपरिक पकवानों के साथ खुशियां बांटी गईं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर किसी के चेहरे पर ईद की रौनक साफ झलक रही थी। ईदगाह और आसपास के क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय और एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। इसके अलावा क्षेत्र की अन्य मस्जिदों पर भी पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई थी। इस मौके पर पूर्व विधायक हाजी जाकिर अली, पूर्व चेयरमैन मनोज धामा, डॉ. अरशद अली और चौधरी आबिद अली ने नमाजियों को सपरिवार ईद-उल-फितर की हार्दिक मुबारकबाद दी और क्षेत्र में अमन-चैन व तरक्की की दुआ की। ईद-उल-फितर के इस मुबारक मौके पर लोनी में गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी प्रेम और भाईचारे की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button