पाकुड़ में संदिग्ध हालत में दो युवक गिरफ्तार, देसी कट्टा और कारतूस बरामद
Two youths arrested in suspicious condition in Pakur, country-made pistol and cartridges recovered

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) डीएन आजाद ने सोमवार को मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि नगर थाना क्षेत्र स्थित सिद्धो- कान्हू पार्क के समीप वीआईपी रोड पर दो व्यक्तियों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन हेतु थाना प्रभारी द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई, जिसके दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक संदिग्ध अवस्था में पाए गये। पूछताछ के दौरान उनके पास से एक देसी कट्टा तथा कारतूस (गोली) बरामद किए गये। जब उनसे सम्बन्धित वैध कागजात की मांग की गई, तो वे कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। एसडीपीओ डीएन आजाद ने बताया कि इस मामले में पाकुड़ नगर थाना में कांड संख्या 56/2026 के तहत विभिन्न सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि बरामद हथियार की उत्पत्ति और आपूर्ति से सम्बन्धित जानकारी अभी अनुसंधान का विषय है, हालांकि पुलिस को इस मामले में कुछ महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हुए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साल्फी शेख और सागीर शेख के रूप में हुई है, जो पाकुड़ मुफस्सिल थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। इस कार्रवाई में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था, जिसमें एसआई अयोध्या सिंह, आरक्षी गंगासागर साह, राजेश कुमार झा, संतोष राम सहित टाइगर मोबाइल और नगर थाना की टीम शामिल थी।



