सिंगरौली

अंतर्राज्यीय बस स्टैंड में पेयजल संकट

वाटर कूलर के नलों से निकल रही हवा, यात्री खरीदकर पी रहे पानी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
 सिंगरौली। गर्मी की शुरुआत के साथ ही शहर के प्रमुख अंतर्राज्यीय बस स्टैंड में पेयजल की समस्या गंभीर हो गई है। दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को पीने के लिए पानी तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। बस स्टैंड में लगे सार्वजनिक नलों से पानी की जगह हवा निकल रही है, जबकि यात्रियों की सुविधा के लिए लगाया गया वाटर कूलर भी लंबे समय से खराब पड़ा है। इसके चलते यात्रियों को मजबूरी में बोतलबंद पानी खरीदकर प्यास बुझानी पड़ रही है।
बताया जा रहा है कि बस स्टैंड में एक एनजीओ द्वारा वाटर कूलर लगाया गया था, लेकिन रखरखाव के अभाव में वह बंद पड़ा है। वाटर कूलर के नलों की टोटियां तक गायब हैं और उसके आसपास गंदगी फैली हुई है। वहीं बस स्टैंड के बाहर लगे हैंडपंप के आसपास लोग स्नान करते हैं, जिससे वहां की स्थिति भी खराब हो गई है। गंदगी के कारण यात्री उस पानी का उपयोग करने से बचते हैं।
गंदगी से बदहाल बस स्टैंड परिसर
कहने को अंतर्राज्यीय बस स्टैंड होने के बावजूद यहां यात्रियों के लिए मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। परिसर में जगह-जगह गंदगी फैली रहती है। डस्टबिन नहीं होने के कारण लोग खुले में ही कचरा फेंक देते हैं। चाय-पान और नाश्ते के ठेला संचालक भी कचरा परिसर में ही डाल देते हैं, जिससे दुर्गंध फैलती है और यात्रियों का बसों का इंतजार करना मुश्किल हो जाता है।
प्रतीक्षालय में कब्जा, हॉकर जोन में पार्किंग
यात्रियों के बैठने के लिए बनाए गए प्रतीक्षालय में बिसातखाने की दुकानें लगाई जा रही हैं, जिससे यात्रियों को बैठने की जगह नहीं मिलती। वहीं दुकानदारों के लिए बनाए गए हॉकर जोन में दोपहिया वाहन पार्क कर दिए जाते हैं, जिससे निर्धारित स्थान पर दुकानें भी नहीं लग पातीं।
अतिक्रमण से जाम जैसी स्थिति
बस स्टैंड परिसर अतिक्रमण की चपेट में है। चाय-पान और नाश्ते के ठेले, अस्थायी दुकानें और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण बसों को खड़ा करने तक में परेशानी होती है। कई बार यात्री बसें इस तरह खड़ी होती हैं कि अन्य वाहनों के निकलने के लिए जगह नहीं बचती।
यात्रियों ने उठाई व्यवस्था सुधार की मांग
यात्री विनय शाह ने बताया कि गर्मी का मौसम शुरू हो गया है, लेकिन बस स्टैंड में पीने के पानी की सुविधा नहीं है। नलों से हवा निकलती है, इसलिए मजबूरी में पानी खरीदना पड़ता है। अंकित सिंह ने कहा कि नलों की मरम्मत कर साफ पेयजल की व्यवस्था की जानी चाहिए और गर्मी के दौरान प्याऊ खोला जाना चाहिए नीलेश ने बताया कि बस स्टैंड में यात्री सुविधाओं का अभाव है। प्रतीक्षालय और परिसर दोनों जगह अतिक्रमण और गंदगी के कारण यात्रियों को भारी परेशानी होती है।
मुख्य बस स्टैंड से उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ सहित रीवा, इंदौर, भोपाल और जबलपुर जैसे शहरों के लिए बसों का संचालन होता है। रोजाना बड़ी संख्या में यात्री यहां पहुंचते हैं, लेकिन पेयजल, बैठने और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों ने प्रशासन से बस स्टैंड में पेयजल, साफ-सफाई और अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button