हजारीबाग

झारखंड विधानसभा की सामान्य प्रयोजन समिति का हजारीबाग दौरा

विकास योजनाओं का किया समीक्षा।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हज़ारीबाग़ झारखंड विधानसभा की सामान्य प्रयोजन समिति ने मंगलवार को हजारीबाग जिले का दौरा किया। इस अवसर पर समिति द्वारा परिसदन भवन में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर जिले में संचालित जन-कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति सत्येंद्र नाथ तिवारी ने की। बैठक में समिति के सदस्य मंगल कालिंदी व रोशन लाल चौधरी भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान समिति ने विभिन्न विभागों द्वारा क्रियान्वित योजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन योजनाओं में आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। इस क्रम में विधायक फंड, एनटीपीसी से संबंधित मुआवजा भुगतान, डीएमएफटी एवं सीएसआर मद से संचालित योजनाएं, ग्रामीण एवं शहरी जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति की विशेष रूप से समीक्षा की गई। समिति द्वारा एनटीपीसी के संबंधित अधिकारियों को मुआवजा भुगतान से संबंधित अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। साथ ही अवैध बालू खनन पर रोक लगाने हेतु आवश्यक उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। पैक्स के माध्यम से की गई धान अधिप्राप्ति के भुगतान में तेजी लाने के लिए जिला आपूर्ति पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त एसी बिल की लंबित मामलों पर भी गंभीरता से संज्ञान लेते हुए दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक में राजस्व एवं भूमि सुधार,भू-अर्जन, खनन विभाग भवन प्रमंडल, पीएचईडी सहित अन्य विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की गई। इस अवसर पर समिति के सभापति सत्येंद्र नाथ तिवारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए जनहित में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया। इस बैठक में उपरोक्त के अलावे उपविकास आयुक्त रिया सिंह, अपर समाहर्ता संतोष सिंह, डीआरडीए निदेशक मां देवप्रिया, भू अर्जन पदाधिकारी निर्भय कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी बैद्यनाथ कामती, जिला आपूर्ति पदाधिकारी मुरली यादव, जिला योजना पदाधिकारी पंकज तिवारी, सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं अन्य कर्मी शामिल थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button