ललितपुर
नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने दबोचा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। थाना तालबेहट पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह एवं क्षेत्राधिकारी तालबेहट आशीष मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना तालबेहट पुलिस ने यह कार्रवाई अंजाम दी। पुलिस के अनुसार, थाना तालबेहट में दर्ज मु.अ.सं. 10/2026 के तहत धारा 87, 137(2), 64(2)(एम) बीएनएस एवं 5(एल)/6 पॉक्सो एक्ट में वांछित अभियुक्त मध्य प्रदेश के जिला शिवपुरी अंतर्गत कस्बा रन्नौद निवासी गोविन्द पुत्र पप्पू उर्फ ग्यासीराम को गिरफ्तार किया गया है। बताया गया कि पीडि़ता पक्ष की ओर से 10 जनवरी 2026 को तहरीर दी गई थी, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। तभी से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने टीम गठित कर उसकी तलाश तेज की और अंतत: उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोज मिश्रा के नेतृत्व में थाना तालबेहट पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।



