ललितपुर
नेहरू महाविद्यालय में एनएसएस शिविर
स्वच्छता अभियान, रैली व संगोष्ठी से दिया जागरूकता का संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। नेहरू महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में शनिवार को चतुर्थ एक दिवसीय सामान्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, स्वच्छता जागरूकता रैली एवं संगोष्ठी आयोजित कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो.(डा.) अनिल सूर्यवंशी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। उन्होंने कहा कि गंदा वातावरण स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है और इससे विभिन्न बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने स्वच्छता को स्वस्थ जीवन की आधारशिला बताते हुए इस पर विशेष ध्यान देने की अपील की। इसके उपरांत प्राचार्य ने हरी झंडी दिखाकर स्वच्छता जागरूकता रैली को रवाना किया, जिसमें स्वयंसेवकों ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय परिसर में बृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। तत्पश्चात कृषि संकाय में आयोजित स्वच्छता जागरूकता संगोष्ठी में डा. एच.सी. दीक्षित ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए स्वच्छ वातावरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी से अपने घर, महाविद्यालय और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का आह्वान किया। संचालन एनएसएस इकाई चतुर्थ के कार्यक्रम अधिकारी मनीष वर्मा ने किया, जबकि आभार कार्यक्रम अधिकारी डा.राजीव निरंजन ने व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में असिस्टेंट प्रोफेसर डा.संतोष कुमार सिंह, डा.गिरेंद्र सिंह, डा.बलराम द्विवेदी, डा.जगत कौशिक, डा.अवनीश त्रिपाठी, इंजी.विपिन कुमार शुक्ला, डा. सुनील कुमार शुक्ला सहित अन्य शिक्षकों का सहयोग रहा। शिविर में छात्र-छात्राओं में मनोज कुमार, सविनय साहू, शिव शक्ति सागर, निखिल साहू, आदित्य सिंह, मानसी पाटकार, अंशिका, आशिफा, बुशरा बानो, कोपल, रिया, सुंदरी आदि ने सक्रिय सहभागिता निभाई।



