ललितपुर
हार्वेस्टर से निकली चिंगारी से बीस एकड़ में खड़ी गेंहू की फसल जली
बर्बाद हुये किसान रोते-बिलखते हुये पहुंचे कलेक्ट्रेट, डीएम को भेजा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। हार्वेस्टर से चल रही फसल की कटाई के दौरान निकली चिंगारी से कई एकड़ में खड़ी गेंहू की फसल जलकर नष्ट हो गयी। घटना के बाद रोते-बिलखते किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां किसानों ने जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन ओएसडी अनिल कुमार दीक्षित को डीएम के कैम्प कार्यालय पहुंच कर सौंपा। तहसील महरौनी परगना बानपुर अंतर्गत आने वाले ग्राम सिंदवाहा में रहने वाले किसानों ने डीएम को भेजे ज्ञापन में बताया कि शनिवार 28 मार्च को सुबह करीब 10 बजे खेतों में खड़ी फसल को हार्वेस्टर से फसल की कटाई की जा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान हार्वेस्टर से चिंगारी निकलने लगी, जिसे देखकर किसानों ने हार्वेस्टर चालक से मशीन को तत्काल बंद कर देने की बात कही। कुछ समय बाद फिर से हार्वेस्टर डुलीचंद्र पुत्र घन्सा, मौजी पुत्र खम्बे, पप्पू, अजुद्दी पुत्र चिप्पे, रामप्रसाद पुत्र कम्मोद, प्रमोद कुमार पुत्र रामप्रसाद, अरविन्द कुमार पुत्र रामप्रसाद, हल्काई पुत्र कम्मोद, रामरतन चौबे पुत्र मुन्नालाल, जगदीश पुत्र चिम्मे, शिवचरण पुत्र डिब्बे के अलावा अन्य किसानों के खेतों में खड़ी फसल पर चालक द्वारा चला दिया गया और फिर से हार्वेस्टर से निकली चिंगारी गेंहू के खेत में जा गिरी, जिससे करीब 20 एकड़ में खड़ी गेंहू की फसल जलकर नष्ट हो गयी। किसानों ने जिलाधिकारी को भेजे ज्ञापन के जरिए हार्वेस्टर चालक व मालिक के खिलाफ कार्यवाही, मौके जांच-सर्वे और मुआवजा दिलाये जाने की मांग उठायी है। ज्ञापन देते समय किसानों का नेतृत्व कर रहे अजय नायक सिंदवाहा, प्रमोद कुमार, रामरतन चौबे, हल्काई, अजुद्दी, सुकलाल रजक, आर.पी., जगदीश, आशीष विश्वकर्मा, डुलीचंद्र, कमल, रामचरन, रामरती, अभय रजक, प्रवेश रजक के अलावा अनेकों किसान मौजूद रहे।



