मथुरा
फरह के बाजार में पथराव, बोतल फिंकाई और फायरिंग, तनाव

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। फरह कस्बे के बाजार में रुपयों के लेनदेन पर दो समुदायों के बीच विवाद के बाद पथराव, बोतल फिंकाई और फायरिंग से और चाकूबाजी से दहशत फैल गई। दो लोग घायल हुए हैं। सांप्रदायिक बलवे की सूचना पर एसपी सिटी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और बलवा कर लोगों को लाठियां भांजकर खदेड़ दिया। घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस बलवाइयों की धरपकड़ कर रही है। पुलिस ने बताया कि गांव फतिहा निवासी पीतम की फरह के बाजार में ऑटो रिपेयरिंग की दुकान है। पीतम का आरोप है कि कुछ दिन पहले उसने फरह निवासी काले कबाड़िए को 4700 रुपये में कबाड़ बेचा था। तभी से वह पैसा नहीं दे रहा था। तगादा करने पर आनाकानी कर रहा था। रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे वह काले कबाड़ी के पास अपने साथी अनमोल के साथ तगादा करने पहुंचा। इस पर काले ने गाली गलौज कर दी। आरोप है कि इसके बाद काले ने अपने 5-6 साथियों के साथ उसकी पिटाई करना शुरू कर दिया। अनमोल ने बचाने का प्रयास किया तो उसे चाकू मारकर घायल कर दिया। दोनों किसी तरह जान बचाकर भागे तो हमलावरों ने पथराव और कांच की बोतलें फेंकना शुरू कर दिया। इससे बाजार में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। कुछ ही देर में बाजार बंद हो गया। घटना की सूचना मिलने ही फरह के साथ ही रिफाइनरी और हाईवे थानों से फोर्स पहुंच गया।
एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि झगड़ा करने वाले आपस में दोस्त हैं। पुलिस पथराव, बोतल फिंकाई करने वालों को वीडियो फुटेज के आधार पर चिह्नित कर रही है। बलवा करने वालों के खिलाफ संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही हैं।



