इबरत खान हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार…

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ (यूपी) – हापुड़ के कपूरपुर थाना क्षेत्र में दो दिन पूर्व हुई कपड़ा फेरी विक्रेता इबरत खान की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी तैय्यब को गिरफ्तार किया है। आरोपी तैय्यब की निशानदेही पर मृतक इबरत खान का मोबाइल फोन, हत्या में इस्तेमाल की गई अवैध पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक टीवीएस मोपेड बाइक बरामद की है।
हापुड के एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि , मृतक इबरत खान और आरोपी तैय्यब के बीच पहले व्यावसायिक संबंध थे। इबरत खान पहले तैय्यब के यहां से कपड़ा लेकर फेरी लगाकर बेचता था । करीब डेढ़ माह पहले इबरत ने तैय्यब के साथ काम करना बंद कर दिया और मजीदपुरा मोहल्ले में अपना अलग गोदाम बनाकर खुद का कारोबार शुरू कर दिया था । इससे तैय्यब का कारोबार प्रभावित हुआ और वह इबरत से नाराज चल रहा था। पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ में तैय्यब ने बताया कि उसने कई बार इबरत को फिर से अपने साथ काम करने के लिए समझाया, लेकिन इबरत नहीं माना। इसी बात को लेकर तैय्यब के मन में रंजिश बढ़ती चली गई। इस रंजिश के चलते तैय्यब ने इबरत खान को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजनानुसार मौका पाकर उसने इबरत खान को कपूरपुर थाना क्षेत्र में नहर पटरी पर जाते समय गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी तैयब को गिरफ्तार कर लिया है और उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।



