कैराना
तेज़रफ़्तार पिक-अप ने बाइक सवार को मारी टक्कर, अतिक्रमण बना हादसे का कारण
घायल पति-पत्नी को परिजनों ने कराया निजी अस्पताल में भर्ती,दोनों की हालात गंभीर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। नेशनल हाईवे स्थित भूरा अंडरपास एक बार फिर सड़क हादसे का गवाह बना। तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने बाइक सवार दंपत्ति को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए,जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंडरपास पर फैले अतिक्रमण के कारण यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर गांव गोगवान निवासी कौसर अपनी पत्नी हसमूदा (45) के साथ स्प्लेंडर बाइक संख्या यूपी-19 डब्ल्यू-3152 से किसी काम से कैराना आ रहे थे। जैसे ही वे बाईपास नेशनल हाईवे स्थित भूरा अंडरपास के नीचे पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पति-पत्नी सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को कैराना के मल्टी केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया।चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए दोनों को शामली के एक निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि हादसे में घायल महिला हसमूदा का पैर टूट गया है, जबकि उसके पति कौसर का हाथ फ्रैक्चर हो गया है। दोनों का शामली के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। उधर, हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हालांकि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पिकअप का नंबर यूपी-19एटी-3421 नोट कर लिया है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भूरा अंडरपास पर लंबे समय से अतिक्रमण का जाल फैला हुआ है। अंडरपास के भीतर भूसे से लदे बड़े-बड़े ट्राले खड़े रहते हैं, जिससे रास्ता काफी संकरा हो जाता है। वहीं बची हुई जगह पर रेहड़ी-ठेली वालों ने कब्जा कर रखा है। ऐसे में यहां से गुजरने वाले वाहनों को काफी परेशानी होती है और अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों का कहना है कि कई बार नेशनल हाईवे अथॉरिटी और प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जाती है। पुलिस मौके पर आकर कुछ देर बाद लौट जाती है, जिसके चलते अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं।स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अंडरपास से अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। फिलहाल भूरा अंडरपास अतिक्रमण और लापरवाही के चलते लोगों के लिए खतरे का सबब बना हुआ है।अब देखना यह है कि प्रशासन अंडरपास से अतिक्रमण कब हटाता है।


