नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। क्षेत्र के ग्राम टोडा में एक विवाहिता के साथ दहेज की मांग को लेकर मारपीट और उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पीड़िता ने ससुराल पक्ष पर 15 लाख रुपये की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत चौकी पुलिस को दी गई है।
पानीपत के नूरवाला निवासी सोमवती की शादी करीब दो वर्ष पूर्व ग्राम टोडा निवासी विवेक कुमार राणा के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति विवेक, सास शिमला, ननद स्वीटी व मीनू तथा ननदोई सतीश निवासी मंगलौरा हरियाणा द्वारा दहेज़ की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता का कहना है कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और 15 लाख रुपये मायके से लाने का दबाव बनाया। रकम न लाने पर घर से निकालने और जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने बताया कि उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जिससे वह आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर स्थिति में है। घटना के बाद उसने चौकी चौसाना पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
चौकी प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पीड़िता की तहरीर प्राप्त हो गई है, मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
