जालौन

शाहगंज में वाटर कूलर काले बाबा स्थल के पास बीच मार्ग में स्थापना का स्थानीय लोगों ने किया विरोध

 सभासद व स्थानीय लोगों ने एसडीएम को सौंपा प्रार्थना पत्र

 नगर पालिका बोली नजूल भूमि पर हो रहा कार्य
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जालौन (उरई)। नगर के वार्ड नंबर 09 स्थित मोहल्ला शाहगंज में वाटर कूलर लगाए जाने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। काले बाबा स्थल के पास बीच मार्ग में वाटर कूलर स्थापित किए जाने को लेकर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने कड़ा विरोध जताया है।
नगर पालिका द्वारा भीषण गर्मी को देखते हुए आमजन को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाटर कूलर लगाया जा रहा है, लेकिन मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि इसे मुख्य मार्ग के बीच में स्थापित किया जा रहा है, जिससे आवागमन बाधित होगा। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उक्त स्थान से दिनभर लोगों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में बीच रास्ते में वाटर कूलर लगने से सड़क संकरी हो जाएगी और दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाएगी। लोगों ने प्रशासन को चेताया है कि यदि समय रहते उचित स्थान का चयन नहीं किया गया तो स्थिति गंभीर हो सकती है। इस संबंध में मोहल्ला शाहगंज की सभासद रीना देवी सहित जाकिर सिद्दीकी, सलमान, सोहिल जुनेदी, मकमूल, शकील, करीम, आदिल, अमीर व अन्य नागरिकों ने संयुक्त रूप से उपजिलाधिकारी हेमंत पटेल को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया है कि जनसुविधा के इस कार्य को किसी सुरक्षित एवं उपयुक्त स्थान पर कराया जाए, जिससे आमजन को परेशानी न हो। वहीं, नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि जिस स्थान पर वाटर कूलर लगाया जा रहा है, वह नजूल की सरकारी भूमि है और वहां न तो कोई मार्ग अवरुद्ध हो रहा है और न ही किसी की निजी भूमि प्रभावित हो रही है। पालिका के अनुसार यह कार्य पूरी तरह जनहित में किया जा रहा है। फिलहाल मामला प्रशासन के संज्ञान में है और अब देखना यह है कि जनसुविधा और जनसुरक्षा के बीच संतुलन कैसे स्थापित किया जाता है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button