
आईएसआई जासूसी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका, कैराना व बरखंडी से पकड़े गए; मोबाइल व कॉल डिटेल खंगाल रही एजेंसियां
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। अलसुबह कैराना में आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कैराना से तीन संदिग्ध लोगों के हिरासत में लिया है। इन पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने की आशंका जताई जा रही है। एटीएस की कार्रवाई के बाद जिले में हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
सूत्रों के अनुसार एटीएस की करीब 12 सदस्यीय टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर देर रात व अलसुबह एक साथ कई स्थानों पर दबिश दी। टीम ने कैराना क्षेत्र में छापेमारी करते हुए तीन युवकों को हिरासत में लिया, जबकि शामली शहर के बरखंडी मोहल्ले से एक महिला को पकड़ा हैं।कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस भी एटीएस के साथ मौजूद रही, हालांकि पूरे ऑपरेशन को बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई हाल ही में गाजियाबाद में पकड़े गए एक संदिग्ध जासूस से मिले इनपुट के आधार पर की गई है। पूछताछ में कुछ अहम सुराग मिलने के बाद जांच एजेंसियों को शामली कनेक्शन की जानकारी मिली थी। इसके बाद एटीएस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यहां छापेमारी की। हिरासत में लिए गए लोगों में कैराना क्षेत्र के गांव नगला राई निवासी साजिद, इंतजार उर्फ टार्जन तथा एक अन्य व्यक्ति शामिल बताए जा रहे। हैं। वहीं शामली के बरखंडी मोहल्ले से एक महिला को भी हिरासत में लिया गया है। कार्रवाई के बाद एटीएस सभी संदिग्धों को अपने साथ देवबंद ले गई है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां संदिग्धों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल्स और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच कर रही हैं, ताकि उनके संपर्कों और संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा सके। वहीं आशंका यह भी जताई जा रही है कि मामला जाली करैंसी से जुड़ा हुआ भी हो सकता है।फिलहाल एटीएस पकड़े गए संदिग्धों से हर पहलू पर जांच कर रही है। इस घटनाक्रम के बाद शामली जनपद में चर्चाओं का माहौल है। वहीं पुलिस व खुफिया विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामला संवेदनशील है और हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। आवश्यक साक्ष्य मिलने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

