कैराना
न्यायालय कैंटीन की नीलामी 16 अप्रैल को
कैराना परिसर में होगी बोली, 4.95 लाख रुपये न्यूनतम दर तय
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। जनपद न्यायालय परिसर स्थित कैराना में संचालित जलपान गृह (कैंटीन एवं खानपान की दुकान) के संचालन के लिए 16 अप्रैल को नीलामी आयोजित की जाएगी। यह जानकारी अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) एवं नीलामी समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार राय ने दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित शर्तों के तहत कैंटीन को किराये पर दिए जाने के लिए यह प्रक्रिया अपनाई जा रही है। नीलामी 16 अप्रैल को अपराह्न 4:30 बजे न्यायालय परिसर कैराना स्थित सभागार कक्ष में होगी। नीलामी में भाग लेने के इच्छुक व्यक्तियों के लिए 49,500 रुपये की धरोहर राशि निर्धारित की गई है, जबकि न्यूनतम बोली 4,95,000 रुपये तय की गई है। प्रतिभागियों को धरोहर राशि 15 अप्रैल तक अपराह्न 2 से 4 बजे के बीच न्यायालय की केंद्रीय नजारत में जमा कर रसीद प्राप्त करनी होगी। बिना धरोहर राशि जमा किए कोई भी व्यक्ति नीलामी में भाग नहीं ले सकेगा। नीलामी की शर्तों के अनुसार, अंतिम बोलीदाता को निर्धारित कर राशि अलग से जमा करनी होगी। साथ ही कुल बोली की 50 प्रतिशत राशि मौके पर ही जमा करनी अनिवार्य होगी, जबकि शेष 50 प्रतिशत राशि 31 दिसंबर 2026 तक जमा करनी होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी भुगतान केवल नगद स्वीकार किए जाएंगे। चेक, ड्राफ्ट या अन्य माध्यम मान्य नहीं होंगे। नीलामी से संबंधित तिथि में परिवर्तन, स्वीकृति अथवा अस्वीकृति का अंतिम अधिकार जनपद न्यायाधीश शामली के पास सुरक्षित रहेगा, जिसका निर्णय सभी प्रतिभागियों के लिए बाध्यकारी होगा।