बाबा साहब आंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाने की अपील, समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान
Appeal to celebrate Baba Saheb Ambedkar Jayanti with great pomp and show, call to spread awareness in the society

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
भोपाल। ऑल इंडिया एस.सी./एस.टी./ओ.बी.सी. माइनॉरिटी फेडरेशन ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती को प्रदेशभर में हर्षोल्लास और सम्मान के साथ मनाने की अपील की है। संगठन ने समाज के सभी वर्गों से आग्रह किया है कि वे बाबा साहब के विचारों को अपनाते हुए समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाएं। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सुनील कुमार रामटेके ने कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्ष, शिक्षा और सामाजिक न्याय का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि जयंती के अवसर पर सभी को उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बंटी वैष्णिक ने अपने वक्तव्य में कहा कि बाबा साहब ने देश को संविधान के रूप में मजबूत नींव प्रदान की है। उनकी जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि उनके विचारों को आत्मसात करने का अवसर है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि वर्तमान समय में बाबा साहब के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे उनके सिद्धांतों को अपनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाएं और भाईचारे को मजबूत करें। इस अवसर पर संगठन के कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपनी सहमति जताई। इनमें बंटी वैष्णिक (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष), एस. आर. नागले (प्रदेश महासचिव), कैलाश बाईकर (प्रदेश उपाध्यक्ष), कप्तान अक्षय कुमार, एड. सुरेशचंद पंडित, योगेश पाटे, कृष्णा सुनटे सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे। संगठन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित करें, जरूरतमंदों की मदद करें और बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाकर समाज में समानता और न्याय की भावना को मजबूत करें।



