कैराना

झाड़खेड़ी रोड पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

जेसीबी से हटाए अवैध कब्जे

पालिका प्रशासन ने पुलिस बल के साथ की कार्रवाई, नालों पर बने अतिक्रमण ध्वस्त; दुकानदारों में मचा हड़कंप
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। नगर पालिका प्रशासन ने कस्बे में बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए झाड़खेड़ी रोड पर अभियान चलाया। इस दौरान स्थानीय पुलिस बल की मौजूदगी में दुकानों के सामने मुख्य नाले पर किए गए अवैध कब्जों को जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त कराया गया। साथ ही नालों की सफाई भी कराई गई।
बुधवार की दोपहर नगर पालिका परिषद कैराना की टीम अधिशासी अधिकारी समीर कश्यप के नेतृत्व में जैसे ही मौके पर पहुंची तो अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने स्वयं ही अपने अस्थायी कब्जे हटाने शुरू कर दिए, जबकि कुछ स्थानों पर पालिका कर्मियों ने जेसीबी से अवैध निर्माण को हटाया। कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे बने पक्के और कच्चे ढांचों को भी हटवाया गया, जिससे मुख्य नाले पूरी तरह खुल सके। अधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से नालों पर अतिक्रमण होने के कारण जल निकासी की समस्या बनी हुई थी, जिससे बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए नालों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया और उनकी सफाई कराई गई, ताकि पानी का बहाव सुचारू रूप से हो सके। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी समीर कश्यप ने बताया कि नगर क्षेत्र में अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ और सुचारू यातायात के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही दुकानदारों और नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वयं ही सड़क और नालों पर किए गए अवैध कब्जों को हटा लें, अन्यथा पालिका द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस दौरान तहसीलदार कैराना अर्जुन सिंह चौहान,जेई राहुल कुमार के साथ-साथ पालिका का स्टाफ मौजूद रहा है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button