ललितपुर
किसान समृद्धि योजना में घोटाले का बड़ा आरोप
करोड़ों की फर्जी बिलिंग, शिकायतकर्ता ने लगाई सीबीआई जांच की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। शहर के नई बस्ती गांधीनगर निवासी हरपाल सिंह चंदेल ने भूमि संरक्षण विभाग और संबंधित अधिकारियों पर किसान समृद्धि योजना (कृष्ण समृद्धि योजना) एवं तालाब विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार, फर्जी स्थल सत्यापन और अनियमित भुगतान का गंभीर आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर प्रकरण की सीबीआई या एसआईटी से जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है। शिकायतकर्ता हरपाल सिंह चंदेल ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि वित्तीय वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 में योजना के तहत करोड़ों रुपये के भुगतान किए गए, लेकिन कई स्थानों पर काम फर्जी तरीके से दिखाकर धनराशि निकाली गई। उदाहरण के लिए, ग्राम भौंता एवं बरौदा विकास खंड में तालाब निर्माण के नाम पर लगभग 6 लाख रुपये का भुगतान किया गया, जबकि स्थलीय जांच में काम अधूरा या फर्जी पाया गया। इसी तरह अन्य योजनाओं में फर्जी रिपोर्ट लगाकर धन निकासी का आरोप है। उन्होंने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी द्वारा गठित जांच समिति ने भी कई अनियमितताएं पाईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। फर्जी सत्यापन रिपोर्ट, क्विटेंस हस्ताक्षर में हेराफेरी और अधिकारियों द्वारा शिकायतकर्ताओं को धमकाने जैसी घटनाओं का भी जिक्र किया गया। पत्र में आईपीसी की धाराओं 420, 409, 467, 468, 471, 120 बी तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। हरपाल सिंह चंदेल ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र जांच और कार्रवाई नहीं हुई तो वे अनशन पर बैठने और उच्च न्यायालय में याचिका दायर करने को मजबूर होंगे। पत्र की प्रतियां मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव कृषि, कृषि निदेशक और अन्य उच्च अधिकारियों को भी भेजी गई हैं।



