ललितपुर
ओवर स्पीड के खिलाफ चला यातायात पुलिस का चाबुक
स्पीडो मीटर से हाई-वे पर बेखौफ भागते वाहनों की हुयी जांच

नियंत्रित गति से वाहन चलाएं, नियमित गति रोकेगी सड़क दुर्घटनाएं : सीओ राजेश कुमार श्रीवास्तव
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश व पुलिस अधीक्षक मो.मुश्ताक के संयुक्त आदेश, एएसपी कालू सिंह व यातायात सीओ राजेश कुमार श्रीवास्तव के निकट पर्यवेक्षण में यातायात माह नवम्बर शुरू होने के तीसरे दिन अनियंत्रित गति से भाग रहे वाहनों की सघन चैकिंग की गयी। ग्राम रोंडा में स्पीडो मीटर से यातायात प्रभारी आलोक कुमार तिवारी ने बेखौफ होकर अनियंत्रित गति से भाग रहे वाहनों की गति की जांच कर उनके खिलाफ सख्त से कार्यवाही की।
यातायात प्रभारी आलोक कुमार तिवारी ने कहा कि दो पहिया, चार पहिया या बड़े वाहन सभी की गति मोटरवाहन अधिनियम के तहत निर्धारित की गयी है। यह भी एक तथ्य है कि शहरी क्षेत्र, हाई-वे और एक्सप्रेस-वे पर इन गाडिय़ों की गति का अलग-अलग मानक भी है। बाजवूद इसके अनियंत्रित गति से वाहन चलाने वाले वाहन चालकों को सुरक्षित यात्रा के लिए नियंत्रित गति से वाहन चलाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वाहनों को लोगों की सुविधा अनुसार एक स्थान से दूसरे स्थान तक लोगों को पहुंचाने या फिर सामान ढ़ोने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन लोग समय बचाने के चक्कर में ओवर स्पीडिंग करते हैं, जिससे कई बार सड़क हादसे हो जाते हैं और कभी-कभी यह हादसे काफी गंभीर रूप ले लेते हैं, जिससे कि असमय ही लोग काल के गाल में समा जाते हैं। अनियंत्रित गति से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए वाहन चालकों को ओवर स्पीडिंग से वाहन न चलाने और सुरक्षित यात्रा के लिए और भी जागरूक किया जा रहा है। वहीं उन्होंने दो पहिया वाहन चालकों से आह्वान किया कि वह ओवर स्पीडिंग व स्टंटबाजी न करें, हेलमेट लगायें और सभी आवश्यक दस्तावेज गाड़ी में साथ रखकर चलें। बिना लाइसेंस के वाहन कदापि न चलायें। ओवर स्पीडिंग को लेकर 13 वाहनों के एम.व्ही. एक्ट की सुसंगत धाराओं में चालानी कार्यवाही की गयी। इस दौरान टीएसआई अब्दुल नफीस, टीएसआई साकेब हाशिमी के साथ यातायात विभाग के अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।



