ऑब्जर्वर बनने के बाद सक्रिय हुए उदय लखमानी, रघुनाथगंज क्षेत्र में बैठकों का दौर
Uday Lakhmani became active after becoming observer, held a series of meetings in Raghunathganj area.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
बहरामपुर (पश्चिम बंगाल), पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर रघुनाथगंज क्षेत्र में कांग्रेस द्वारा नियुक्त ऑब्जर्वर उदय लखमानी ने जिम्मेदारी मिलने के दूसरे दिन ही अपने कार्यक्षेत्र में सक्रियता बढ़ा दी। बहरामपुर में आयोजित एक बैठक के बाद उदय लखमानी ने रघुनाथगंज विधानसभा के प्रत्याशी नासिर शेख से मुलाकात कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी भी मौजूद रहे। बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर और बंगाल प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने भी भाग लिया। उदय लखमानी ने कहा कि पार्टी ने जिस भरोसे के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, वे उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि आज उनका पहला दिन था और बैठक के बाद वे लगातार क्षेत्र में रहकर संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद कर पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को गांव-गांव तक पहुंचाएंगे ताकि विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की स्थिति मजबूत हो सके। लखमानी ने यह भी कहा कि वे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी के विचारों और संदेशों को कार्यकर्ताओं के बीच साझा करेंगे और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का प्रयास करेंगे।



