कैराना
सेंट आर.सी. स्कूल में निबंध प्रतियोगिता
छात्रों ने दिखाया लेखन कौशल, तीन वर्गों में हुआ आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। सेंट आर.सी. साइंटिफिक कॉन्वेंट स्कूल में शनिवार को छात्र-छात्राओं के मानसिक व लेखन विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्राथमिक, जूनियर और सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता के तहत प्राथमिक वर्ग में कक्षा 3 के लिए “मेरा मित्र”, कक्षा 4 के लिए “मेरा विद्यालय” और कक्षा 5 के लिए “हमारा प्यारा भारतवर्ष” विषय निर्धारित किए गए। जूनियर वर्ग में कक्षा 6 के लिए “स्वतंत्रता दिवस”, कक्षा 7 के लिए “स्वास्थ्य और व्यायाम” तथा कक्षा 8 के लिए “भ्रष्टाचार” विषय दिए गए। वहीं सीनियर वर्ग में अंग्रेजी निबंध लेखन के अंतर्गत कक्षा 9 के लिए “इम्पोर्टेंस ऑफ बुक्स”, कक्षा 10 के लिए “इम्पोर्टेंस ऑफ गुड वैल्यूज”, कक्षा 11 के लिए “इम्पोर्टेंस ऑफ सेल्फ स्टडी” और कक्षा 12 के लिए “इम्पोर्टेंस ऑफ टेक्नोलॉजी इन मॉडर्न लाइफ” विषय रखे गए। छात्र-छात्राओं ने सुंदर सुलेख, शुद्ध व्याकरण और प्रभावी भाषा शैली के साथ अपने विचारों को प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय के प्रधानाचार्य यशस्वी पंवार ने छात्रों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए, जिससे उनके व्यक्तित्व का समग्र विकास हो सके। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रशांत शर्मा, शुभम कर्णवाल, प्रभाग गर्ग, विवेक चौहान, अंकित चौहान, अमित ठाकुर, अमित तोमर, अजेन्द्र सिंह, अजीत सिंह, शाहरुख खान, अजय कुमार, मीनाक्षी चौधरी, कल्पना तोमर, ममता शर्मा, आरती शर्मा, रीतू चौहान, लीना शर्मा, मरियम सिद्दीकी, ऊषा अग्रवाल, परमजीत कौर समेत समस्त स्टाफ का सहयोग रहा। मीडिया प्रभारी प्रदीप कौशिक ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय में समय-समय पर इस तरह की शैक्षिक व रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।

