बरेली
फरीदपुर में बंद पड़ा जल प्याऊ, भीषण गर्मी में पेयजल के लिए भटक रहे लोग

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : आंवला क्षेत्र की पूर्व सांसद मेनका गांधी द्वारा तहसील फरीदपुर, जिला बरेली परिसर में जनता की सुविधा के लिए जल प्याऊ की व्यवस्था कराई गई थी, जो लंबे समय तक सुचारू रूप से संचालित होती रही। लेकिन तहसील का स्थान परिवर्तन होने के बाद यह व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। वर्तमान में तहसील के समीप ही कोतवाली फरीदपुर स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली आम जनता का आना-जाना लगा रहता है। भीषण गर्मी के इस मौसम में लोगों को पीने के लिए शुद्ध पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि कई बार गांव से आने वाले बुजुर्ग और बच्चे प्यास से व्याकुल नजर आते हैं। जब वे पुराने प्याऊ स्थल पर पहुंचते हैं, तो उन्हें निराशा ही हाथ लगती है। जबकि मौके पर जल टैंक अभी भी सुरक्षित स्थिति में मौजूद है और केवल उसे पुनः स्थापित कर व्यवस्था शुरू की जा सकती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की अनदेखी के कारण यह जनहित की सुविधा बंद पड़ी हुई है। उन्होंने मांग की है कि इस प्याऊ को जल्द से जल्द पुनः चालू कराया जाए, ताकि गर्मी के इस बढ़ते प्रकोप में लोगों को राहत मिल सके।



