नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। कस्बे के मोहल्ला इस्लामनगर में पारिवारिक संपत्ति को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हिस्सेदारी की बात करने अपने पैतृक घर पहुंची एक विधवा महिला के साथ उसके देवर पक्ष द्वारा मारपीट किए जाने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने थाना कैराना में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला इस्लामनगर निवासी हनीफा पत्नी स्वर्गीय रहीस ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति का काफी समय पहले निधन हो चुका है। वह अपने सात बच्चों के साथ किराये के मकान में रहकर किसी तरह गुजर-बसर कर रही है।
पीड़िता के अनुसार, 18 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे वह अपनी पुत्रियों सानिया व सायरा के साथ लगभग 500 गज में बने अपने पैतृक मकान में हिस्सेदारी को लेकर बातचीत करने पहुंची थी। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद उसके देवर महबूब, देवरानी बानो तथा उनके पुत्र उसमान और रिजवान ने बातचीत के दौरान गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया, जिससे उसे चोटें आईं। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने दोबारा घर आने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद से महिला और उसके बच्चे दहशत में हैं। इस संबंध में कैराना पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

